THE BIKANER NEWS:- बीकानेर। विधानसभा में हनुमान चालीसा के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि कल के सत्र के बाद स्पष्ट हो गया कि बीजेपी वाले सिर्फ धर्म-धर्म करते हैं, धर्म के बारे में जानते कुछ नहीं है। इन्हें आरती करनी नहीं आती। कोई कर सकता है तो बताएं। डॉ. कल्ला ने पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी की ओर से बताई गई हिन्दू की परिभाषा को भी गलत करार दिया।
डॉ. कल्ला ने कहा कि धर्म के बारे में भारतीय जनता पार्टी के लोग कुछ जानते नहीं है। पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी ने धर्म की जो परिभाषा बताई है, वो गलत है। ये लोग असल में धर्म के बारे में कुछ जानते ही नहीं है। देवनानी का कहना है कि जो भारत भूमि को कर्म क्षेत्र व धर्म क्षेत्र मानें, वो हिन्दू है। ये हिन्दू की परिभाषा नहीं है। हिन्दू वो एक अनुशासन का पालन करता है, वो ही धर्म है। भागवत में लिखा है कि सत्य ही सबसे बड़ा धर्म है। आपने जो प्रण धारण कर लिया वो धर्म है। अगर आप संध्या वंदन करके भोजन करने का प्रण करते हैं तो ये आपका धर्म है।
ममता भूपेश कैसे नास्तिक हुई?
डॉ. कल्ला ने कहा कि राजेंद्र राठौड़ ने मंत्री ममता भूपेश को नास्तिक कह दिया। वो हमेशा भगवान के मंदिर से बिंदी लगाकर आती हूं। नास्तिक को बिंदी नहीं लगाते हैं। उनके पास इस बात का कोई जवाब नहीं था। उन्होंने हनुमान चालीसा सुनाने की बात कही, तो हमारे विधायक ने ही हनुमान चालीसा शुरू कर दी। ये लोग धर्म धर्म करते हैं लेकिन धर्म की जानकारी नहीं है।
विधानसभा के बाद ग्रेड थर्ड तबादलों की उम्मीद
डॉ. कल्ला ने कहा कि विधानसभा चल रही है और तबादलों पर पूरी तरह से रोक है। उम्मीद की जानी चाहिए कि विधानसभा के बाद ग्रेड थर्ड टीचर्स के ट्रांसफर भी हो जाएंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि सरकार ने ग्रेड थर्ड के एक बार भी ट्रांसफर नहीं किए लेकिन अब उम्मीद की जानी चाहिए।
बीकानेर ने जो मांगा, वो मिल गया
डॉ. कल्ला ने कहा कि बजट में बीकानेर ने जो कुछ मांगा, वो सब मिल गया है। मुरलीधर व्यास कॉलोनी और गंगाशहर में कॉलेज खोलने की मांग पूरी हो गई। जल्द ही एक ऑडिटोरियम भी मुरलीधर व्यास कॉलोनी के महात्मा गांधी स्कूल या फिर नए खुलने वाले कॉलेज परिसर में स्थापित किया जाएगा। ट्रोमा सेंटर के लिए बजट दिया गया है। इसके अलावा कार्डियोलॉजी विभाग में एक्मो मशीनें लगाई जा रही है। इन मशीनों के कारण आर्टिफिशियल तरीके से एक से डेढ़ महीने तक जिंदा रखा जा सकता है। नगर निगम क्षेत्र में पचास किलोमीटर तक सड़कें बनेगी। दस-दस करोड़ रुपए की सड़के अलग से स्वीकृत होगी। ड्राइ पोर्ट बनेगा। खारा में अग्निशमन केंद्र बनेगा। टेक्नो हब भी बीकानेर में बनेगा। करीब डेढ़ करोड़ रुपए का बजट लक्ष्मीनाथ मंदिर के लिए दिया गया है। मंदिर में कई तरह के काम भी जल्द होंगे।