THE BIKANER NEWS:- बीकानेर. जयपुर में निजी चिकित्सकों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल प्रयोग करने के विरोध में मंगलवार को पीबीएम अस्पताल के रेजिडेंट चिकित्सक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। साथ ही वरिष्ठ चिकित्सक भी सुबह 9 बजे ड़्यूटी पर नहीं आए और दो घंटे पैनडाउन हड़ताल रखने के बाद सुबह 11 बजे काम पर लौटे। इसके बाद चिकित्सा प्रबंधन ने कुछ राहत की सांस ली और ओपीडी में जुटी मरीजों की भीड़ को उपचार मिलना शुरू हो सका।
संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सकों की दो घंटे और रेजीडेंट की पूरे दिन हड़ताल के चलते पचास से ज्यादा ऑपरेशन टालने पड़े। केवल गंभीर और आपात िस्थति के मरीजों के ही ऑपरेशन किए जा सके। सुबह 9 बजे आउटडोर खुलने के साथ ही मरीजों की लाइनें लग गई लेकिन एक भी वरिष्ठ चिकित्सक आउटडोर में नहीं आया। ऐसे में कुछ देर इंतजार करने के बाद मरीज लौटने शुरू हो गए। सुबह 11 बजे तक एक भी मरीज की कोई जांच नहीं लिखी गई। वरिष्ठ चिकित्सकों के आने के बाद मरीजों को परामर्श और जांच आदि का कार्य शुरू हो पाया।अस्पताल के 464 रेजीडेंट चिकित्सक हड़ताल पर चले गए हैं। इसमें सेवारत तथा गैर सेवारत रेजीडेंट शामिल हैं। एसपी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी ने दावा किया कि हड़ताल से मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।