THE BIKANER NEWS:- Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट सामने आया है। इसमें दिल्ली-एनसीआर में फिर से बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अगले 24 घंटे बाद ही मौसम फिर से बदलने वाला है। इसके लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें मौसम विभाग ने सुबह के समय दिल्ली में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इसके साथ ही दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
पंजाब, हरियाणा समेत दिल्ली-एनसीआर में होगी बारिश
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पांच जनवरी से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा समेत दिल्ली-एनसीआर में छह जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। दिन में बादल भी छाए रहेंगे। इससे पहले 3, 4 और 5 जनवरी को सुबह धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दिन में आंशिक रूप से छिटपुट बादलों की आवाजाही भी देखी जा सकती है। हालांकि IMD ने इसको लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।