भजनलाल सरकार का पेपर लीक माफिया पर सख्त एक्शन,अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

THE BIKANER NEWS. चूरू। राजस्थान में पेपर लीक मामले में भजनलाल सरकार लगातार सख्त एक्शन ले रही है। इसी कड़ी में अब चूरू में पेपर लीक माफिया यूनिक उर्फ विवेक भांभू के घर पर बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रशासन ने पेपर लीक प्रकरण में फरार चल रहे सरगना यूनिक भांभू के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। बता दें कि लंबे समय से फरार चल रहे यूनिक भांभू पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित है।
चूरू में नगर परिषद ने यूनिक के अवैध निर्माण को चिन्हित करने के बाद आज दोपहर ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। यूनिक ने पूनिया कॉलोनी में 114-115 नंबर प्लॉट में मकान बना रखा था। नगर परिषद ने आज अवैध व गैर नियमानुसार बने ढांचे को बुलडोजर से गिरा दिया। इस दौरान भारी तादात में पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। वहीं, आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
आरोपी ने इन परीक्षाओं में की धांधली
आरोप है कि वह एस आई भर्ती परीक्षा 2021 जेईएन भर्ती परीक्षा 2021 सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक कर 500 से अधिक लोगों की सरकारी नौकरी लगवा चुका है। जिनमें से 250 से ज्यादा लोग तो उसके परिवार व रिश्तेदारी में हैं। वो खुद भी पिछली वनपाल भर्ती में वनपाल बना था। ऐसे में आशंका है कि उसने वनपाल और वनरक्षक भर्ती का भी पेपर लीक करवाया था।