google.com, pub-1586814154292719, DIRECT, f08c47fec0942fa0
राजनीतिराजस्थान

कांग्रेस विधायक ने मुंडन कराया,बोले- सीएम गहलोत ने भ्रष्ट लोगों को संरक्षण दिया, वे गांधीजी को याद कर चिंतन करें

राजस्थान खबर:-कांग्रेस विधायक भरत सिंह ने मुंडन करवाया।
सांगोद से कांग्रेस के विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने एक बार फिर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेटर लिखा है। लेटर में भरत सिंह ने लिखा- भाया के भ्रष्टाचार को आपने खुला समर्थन दिया। खान की झोपड़ियां गांव को कोटा जिले में शामिल नहीं किया। गांधीवादी अशोक गहलोत को यह शोभा नहीं देता। आपका ईमान मर चुका है। आपके ईमान के मरने पर में मुंडन करवा कर अपने केश आपको भेंट कर रहा हूं। कृपया यह तुच्छ भेंट स्वीकार करें। महात्मा गांधी को याद कर उनके बताए गए ‘सात’ पाप पर चिंतन करें। मुख्यमंत्री का यह पद स्थाई नहीं है।

भरत सिंह ने कहा, प्रतीक के रूप में मैंने मुंडन करवाया है। कुछ मुद्दे, बहुत लंबे समय से मुख्यमंत्री के सामने में रख रहा था। हमारे मुख्यमंत्री गांधीवादी जाने जाते हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने बेहतरीन काम किया है। मैंने कई बार महत्वपूर्ण मुद्दे पर उनका ध्यान दिलवाया और उनकी मजबूरी रही कि उन्होंने उन बातों पर ध्यान नहीं देकर कुछ भ्रष्ट लोगों को संरक्षण दिया।

राजनीति में शासन करने वालों के सामने कई मजबूरियां हो सकती हैं। मगर मुख्यमंत्री गांधीवादी बात करते हैं। गांधी जी का पूरा जीवन सत्य पर आधारित है। मैने सीधा मुख्यमंत्री जी से कहा है आपका ईमान मर चुका है। हमारी संस्कृति में है कि जब कोई मरता है तो मुंडन करवाया जाता है। मुख्यमंत्री का ईमान मुझे मरता हुआ दिखता है। इसीलिए मैंने मुंडन करवाया है।

अब इस माथे पर दोबारा बाल नहीं उगेंगे, मैं मेरे माथे को ऐसे ही रखूंगा। जब भी मेरा चेहरा देखेंगे तो पूरे प्रदेश में संदेश जाए कि भरत सिंह ने इन मुद्दों को लेकर मुंडन करवाया था। वो मुख्यमंत्री रहे या ना रहे। उनको ये बोझ लेकर चलना पड़ेगा। उन्होंने सही को सही नहीं कहा और गलत बात को संरक्षण दिया।

Back to top button