नयाशहर थाना क्षेत्र मे विवाहिता ने लगाया अपने ही माता पिता पर जबरन दूसरी शादी करवाने का मुकदमा

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में रहने वाली विवाहिता के लिए उसके मां-बाप ही दुश्मन बन गए। ये विवाहिता दूसरी शादी करने के लिए तैयार नहीं है, किंतु उसके माता-पिता उसकी शादी दूसरी जगह करने पर तुले हुए है। यही नहीं उसके गहने व नगदी भी मां-बाप हड़प कर गए। इस आशय का मामला नयाशहर थाने में दर्ज किया गया है।
मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि जीवणनाथ जी की बगेची के निकट विश्नोइयों का मोहल्ला में रहने वाली पदमा पत्नी राजू उर्फ पीराराम ने इस आशय की रिपोर्ट थाने में दी है। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पीहर बीकानेर तहसील के अन्तर्गत आने वाले आंबासर गांव गई हुई थी। आरोप है कि उसके पिता तुलछाराम, उसकी मां कंचन देवी और मनोहरी देवी पत्नी तुलछाराम उसकी शादी दूसरी जगह करवाने पर तुले हुए है। इसके चलते वह वापस अपने ससुराल चली आई। आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके सोने के गहने व 40 हजार रुपए भी हड़प लिए। जब वापस मांगे तो नहीं दिए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।