google.com, pub-1586814154292719, DIRECT, f08c47fec0942fa0
breaking news

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ पोस्ट कर,नवयुवको को अपराध की अग्रसर करते एक गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS.बीकानेर। जिला पुलिस की ओर से चलाएं जा रहे ऑपरेशन साइबर क्लीन अभियान के तहत नापासर थाना पुलिस ने एक और युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक सोपी ग्रुप का सदस्य बताया जा रहा है। और सोशल मीडिया पर हथियारों से संबंधित पोस्ट डालने का आरोप है। दरअसल, सोपी ग्रुप पर हथियारों की नुमाइश के साथ ही इन्हें चलाने के लिए उकसाया जाता है। पुलिस ऐसे ग्रुप्स से युवकों को दूर रखने का प्रयास कर रही है। गिरफ्तार युवक राजूराम जाट महज 21 साल का है। इंस्टाग्राम पर उसकी सक्रियता पर पुलिस की कई दिनों से नजर थी। वो आपराधिक प्रवृति के व्यक्तियों के ग्रुप सोपी ग्रुप का सदस्य था। हालांकि उसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। उसने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ पोस्ट भी शेयर की थी। पुलिस का आरोप है कि राजूराम हथियारों के साथ पोस्ट शेयर कर नवयुवकों को अपराध की ओर अग्रसर करने की कोशिश में था। ऐसे में थाना एरिया में शांति बनाए रखने के लिए उसे गिरफ्तार किया गया।
लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा है ग्रुप
दरअसल, इंस्टाग्राम पर सोपी नाम से कुछ ग्रुप्स बने हुए हैं। इसमें लॉरेंस बिश्नोई खुद है या नहीं? इसकी पुष्टि नहीं हो रही लेकिन हर ग्रुप पर फोटो उसी का लगा हुआ है। इसी में युवक हथियारों के फोटो पोस्ट करते हैं। कुछ वीडियो भी पोस्ट किए गए हैं। इस ग्रुप में बीकानेर के अलावा जोधपुर व बाडमेर के युवक भी सदस्य बने हुए हैं। ऐसे ग्रुप्स से हजारों की संख्या में जुड़े युवक धीरे धीरे अपराधों की ओर बढ़ते चले जाते हैं। इसी सोच के साथ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
आईजी का है अभियान
बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश “ऑपरेशन साईबर क्लीन” अभियान को बहुत गंभीरता से चला रहे हैं। अब तक इस अभियान के तहत बीकानेर संभाग में करीब साढ़े तीन सौ युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के दौरान युवकों को समझाया जाता है कि वो इस तरह के अपराध में शामिल ना हों। नापासर में ये कार्रवाई थानाधिकारी जगदीश पांडार के नेतृत्व में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल सहीराम, कांस्टेबल बलवान, सुरेन्द्र शामिल थे।

Back to top button