राजस्थान:-भाजपा कार्यालय के बाहर चली गोलियां, भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत पांच घायल

राजस्थान खबर:-धौलपुर:-बाड़ी रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर रविवार शाम कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक-दूसरे ने लाठियां चलाई और फायरिंग की। अचानक हुई घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना में भाजयुमो जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र घुरैया समेत पांच जने घायल हो गए। इसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायलों को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गंभीर घायल एक जने को रेफर किया है। उधर, घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि भाजयुमो भूपेन्द्र घुरैया और दूसरे गुट भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मंगेश कंसाना में कुछ दिन पहले विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते रविवार को हुई घटना होना बताया जा रहा है।
बता दें कि भाजपा जिलाध्यक्ष कार्यालय में धौलपुर से कांग्रेस विधायक शोभारानी कुशवाहा के देवर उपेन्द्र कुशवाहा, सैंपऊ प्रधान समेत कई कांग्रेसियों को मंत्री अविनाश गहलोत और संगठन से राजस्थान के लोकसभा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। सदस्यता दिलाने के बाद लोकसभा प्रभारी सहस्त्रबुद्धे जयपुर रवाना होने के लिए गाड़ी निकल गए।
इस बीच गाड़ियों के पीछे ही भाजयुमो जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र घुरैया भी जाने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान घुरैया पर हमला हो गया। लाठी से हुए वार में सिर में चोट पहुंची। जमीन पर गिरने के दौरान घुरैया के साथी आ गए और दोनों गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान फायरिंग हो गई। जिससे अफरा-तफरी मच गई। झगड़े में कंसाना गुट के रामकेश व सतीश तिर्घरा समेत पांच जने घायल हो गए। इसमें रामकेश उर्फ रमुआ के गोली लगने पर उसे रेफर किया है। अस्पताल में भाजयुमो जिलाध्यक्ष घुरैया और सतीश को भर्ती कराया है।घटना के दौरान फायरिंग भी हुई। मौके पर तीन से चार चले हुए खाली कारतूस भी मिले हैं। घटना स्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने जब्त किए हैं।