
THE BIKANER NEWS:-सरकारी कलैण्डर में दीपावली की छुट्टी 31 अक्टूबर की है, वहीं पंचाग और ज्योतिष से जुडे विद्वान 1 नवम्बर को दीपावली शुभ बता रहे हैं। इससे आम आदमी से लेकर बाजार तक सभी भ्रम की स्थिति में हैं। वहीं, दीपावली किस दिन शुभ है, इस पर चर्चा के लिए जयपुर में 15 व 16 अक्टूबर को विद्वानों के सम्मेलन बुलाए गए हैं। उधर, सरकारी कलैण्डर और पंचाग में वर्ष 2025 में भी दीपावली की तारीख अलग-अलग होने से भ्रम पैदा हो गया है।
जयपुर में मंगलवार को संगोष्ठी
अखिल भारतीय विद्वत् परिषद् की ओर से दीपावली पर्व निर्णय विषयक धर्मसभा में जयपुर के त्रिवेणी नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय सभागार में मंगलवार को दोपहर दो बजे विद्वान व ज्योतिषाचार्य बुलाए गए हैं। इसमें 80 से अधिक विद्वान दीपावली की शास्त्रसम्मत तिथि का निर्णय करेंगे।
पूरे देश में दीपावली की तारीख को लेकर भ्रम है। चर्चा के लिए 16 अक्टूबर को विवि में विद्वानों का सम्मेलन बुलाया है। इसमें वर्ष 2024 व 2025 में दीपावली की तारीख को लेकर चर्चा की जाएगी। – प्रो. रामसेवक दुबे, कुलपति, ज रा राजस्थान संस्कृत विश्वविद्याल।
सामान्य प्रशासन विभाग को हमने समय रहते बता दिया कि 1 नवम्बर 2024 को दीपावली है, फिर भी 31 अक्टूबर का अवकाश कर दिया। अगले साल भी सरकारी कलैण्डर में 20 अक्टूबर की दीपावली है, जबकि दीपावली 21 अक्टूबर को है। – डॉ. रवि शर्मा, संपादक, ज्योतिष सम्राट् पंचांग