{"vars":{"id": "125777:4967"}}

प्रभात फेरी का 100वां दिवस उत्साह, भक्ति एवं सामाजिक समरसता के साथ सम्पन्न

 
THE BIKANER NEWS:बीकानेर। क्षेत्र में आयोजित प्रभात फेरी का 100वां दिवस अत्यंत हर्ष, उत्साह एवं सात्विक वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह अवसर सामाजिक एकता, जागरण एवं संस्कारों के सशक्त प्रदर्शन का प्रतीक रहा।

इस विशेष अवसर पर बीकानेर विभाग के आदरणीय प्रचारक विनायक जी भाईसाहब का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में समाजहित के महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया, जिससे सभी के मन में नई ऊर्जा का संचार हुआ।

प्रभात फेरी की प्रमुख विशेषता यह रही कि इसमें समाज के हर वर्ग एवं हर जाति के लोगों ने एक साथ सहभागिता निभाई। छोटे-छोटे बच्चे (7 से 15 वर्ष) भक्ति एवं कीर्तन में अग्रणी भूमिका में रहे, वहीं मातृशक्ति भी कीर्तन में अग्रणी भूमिका निभाती हुई दिखाई दी, जिससे आयोजन का वातावरण और अधिक भक्तिमय एवं ऊर्जावान बन गया।

अपने संबोधन में भाईसाहब ने मातृशक्ति को बच्चों को फास्ट फूड से दूर रखने तथा परिवार में प्रतिदिन कुछ समय “मोबाइल उपवास” अपनाने का संदेश दिया, जिससे बच्चों में संस्कार, स्वास्थ्य एवं अनुशासन का विकास हो सके।

इस अवसर पर श्याम पंचारिया ने कहा कि
“इस प्रभात फेरी को हम सभी मिलकर निरंतर जारी रखेंगे, ताकि समाज में जागरूकता का प्रसार होता रहे।”

इस आयोजन में करण गहलोत, रूपाराम गहलोत, भवानी गहलोत एवं भंवर पंचारिया का भी विशेष सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता रही।

पूरे आयोजन में भक्ति, स्वास्थ्य एवं समष्टि भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। सभी सहभागी शांतिपूर्वक, अनुशासित एवं प्रेमपूर्वक एक साथ चलते हुए सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देते नजर आए।

इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रमोद गहलोत द्वारा प्रदान की गई।

अंत में सभी सहभागियों को बधाई एवं अभिनंदन ज्ञापित करते हुए इस पुण्य कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।