70वीं तहसील स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार समापन, 17 वर्ष में LNC अकादमी और 19 वर्ष में राउमावि दक्षिणी विस्तार पवनपुरी बनी विजेता
THE BIKANER NEWS:;बीकानेर, 27 अगस्त 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में आयोजित 70वीं तहसील स्तरीय 17 वर्ष एवं 19 वर्ष छात्र क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार को फाइनल मुकाबलों एवं समापन कार्यक्रम के साथ उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में दोनों आयु वर्गों की कुल 21 टीमों ने भाग लिया।
17 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल मुकाबले में तोलाराम बाफना स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए LNC अकादमी को 48 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में LNC अकादमी ने शानदार एवं आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और 17 वर्ष छात्र वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल मुकाबले में ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दक्षिणी विस्तार पवनपुरी की टीम ने अंतिम ओवर में लक्ष्य हासिल करते हुए 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और 19 वर्ष छात्र वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
समापन कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं।
समापन अवसर पर रवि आचार्य, प्रदेश महामंत्री, शिक्षक संघ राष्ट्रीय, विद्यालय के उपप्राचार्य गणेश चौधरी, आयोजन प्रभारी अशोक व्यास, आयोजन व्यवस्था प्रभारी ताराचंद पायल तथा शारीरिक शिक्षक पवन नायक एवं मदन लाल उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के मुकाबलों के सफल एवं निष्पक्ष संचालन में संतोष, यदुवीर, अशोक भाटी एवं दिलशांत माचरा ने निर्णायक एवं अंपायर की भूमिका निभाई। उनके सहयोग से प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का सुचारु संचालन किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार एवं आयोजन से जुड़े सभी कार्मिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।