{"vars":{"id": "125777:4967"}}

शहर के इस थाना क्षेत्र में मिला जिंदा कारतूस, पुलिस ने आर्म्स एक्ट में दर्ज किया मामला

 

बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरा गांव में ठाकुरजी मंदिर के पीछे एक जिंदा कारतूस मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर नापासर पुलिस मौके पर पहुंची और कारतूस को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि कानाराम खाती के मकान के पास, ठाकुरजी मंदिर के पीछे एक जिंदा कारतूस पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां कारतूस जिंदा पाया गया। कारतूस पर '8 एमएम (KF)' अंकित था और इसकी लंबाई करीब 7.4 सेंटीमीटर मापी गई।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कारतूस को जब्त कर सील कर दिया तथा मौके का वीडियो रिकॉर्ड भी तैयार किया। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कारतूस वहां फेंका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कारतूस वहां कैसे पहुंचा और इसे किसने फेंका। मामले की जांच जारी है।