{"vars":{"id": "125777:4967"}}

मोहता सराय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 
बीकानेर के मोहता सराय क्षेत्र में ममता संस्थान के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम “डिटॉल बनेगा स्वच्छ इंडिया” के तहत राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, विज्ञान और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से स्वस्थ समाज का निर्माण करना रहा।
कार्यक्रम में ममता संस्थान की ब्लॉक समन्वयक मीनन कंवर ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान और तकनीकी नवाचारों का उपयोग कर अपशिष्ट प्रबंधन और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कचरे को उपयोगी ऊर्जा में परिवर्तित कर हम न केवल पर्यावरण संरक्षण कर सकते हैं, बल्कि एक स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त राष्ट्र के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने “स्वच्छता की सेवा और विकसित भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विज्ञान के साथ तालमेल बैठाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अपनाने के फायदे भी बताए गए। उपस्थित लोगों को समझाया गया कि खाना खाने से पूर्व साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाकर कई बीमारियों और कीटाणुओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।