{"vars":{"id": "125777:4967"}}

एटीएम कैश भरने के नाम पर बड़ा गबन, कंपनी को करोड़ों की चपत का अंदेशा

 

झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र में एटीएम मशीनों में नकदी भरने वाली कंपनी CMS से जुड़ा एक बड़ा गबन सामने आया है। कंपनी के दो कर्मचारी एटीएम में कैश जमा करने के दौरान नकदी सहित फरार हो गए। कुछ दिनों बाद उनकी कैश वैन लावारिस हालत में बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में 30 लाख रुपये से अधिक की नकदी कम मिली है, जबकि कंपनी को आशंका है कि गबन की कुल राशि एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।

जानकारी के अनुसार कंपनी के कर्मचारी सुमेर सिंह और संदीप सिंह पिछले करीब एक वर्ष से पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के 28 एटीएम में नकदी भरने का कार्य कर रहे थे। 27 जून को ड्यूटी के दौरान दोनों कर्मचारियों का अचानक संपर्क टूट गया। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर कंपनी प्रबंधन को संदेह हुआ और कैश वैन की जीपीएस लोकेशन ट्रैक की गई।

लोकेशन के आधार पर कैश वैन पिलानी थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली। पुलिस और कंपनी अधिकारियों ने जब वैन की तलाशी ली तो एटीएम मशीनों की चाबियां सुरक्षित मिलीं, लेकिन कैश गायब था। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

कंपनी की ऑडिट टीम ने संबंधित एटीएम में जमा नकदी का मिलान शुरू किया। शुरुआती जांच में केवल पिलानी क्षेत्र के एटीएम से ही 30 लाख रुपये से अधिक की नकदी कम पाई गई है। हालांकि ऑडिट अभी जारी है और कंपनी को आशंका है कि गबन की राशि एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।

कंपनी की सीकर शाखा के प्रबंधन ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ पिलानी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार कर्मचारियों की तलाश की जा रही है।

पिलानी थाना अधिकारी ने बताया कि कंपनी सभी 28 एटीएम का विस्तृत ऑडिट कर रही है। अंतिम ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही गबन की वास्तविक राशि स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।