बीकानेर:-नयाशहर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान में मचान टूटकर गिरा,एक कि मौत, परिवार में कोहराम
THE BIKANER NEWS:^बीकानेर।शहर के नयाशहर थाना इलाके में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। सीताराम गेट के पास एक निर्माणाधीन मकान में प्लास्टर करते समय मचान (अडाण) की सपोर्टिंग बल्ली टूटने से ऊंचाई पर काम कर रहा एक मजदूर सीधे जमीन पर आ गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
अचानक भरभरा कर टूट गई बल्ली
नयाशहर थाने के एएसआई राम भरोसी ने बताया कि राम मंदिर के पास एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार सुबह से ही मिस्त्री अलसीराम और मजदूर अर्जुन (निवासी— श्रीरामसर, बीकानेर) भवन के बाहरी हिस्से में मचान लगाकर प्लास्टर कर रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे, जब अर्जुन ऊंचाई पर खड़ा होकर काम कर रहा था, तभी अडाण के नीचे लगी मुख्य लकड़ी की बल्ली अचानक टूट गई। संतुलन बिगड़ने से अर्जुन सीधे नीचे पक्के फर्श पर आ गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
लोगों ने दिखाई तत्परता, पर नहीं बच सकी जान
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद साथी कामगारों और मोहल्ले के लोगों ने बिना समय गंवाए अर्जुन को संभाला और अपने वाहनों से पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर जीवन रक्षक उपचार शुरू किया, लेकिन गहरी चोटों के कारण कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी की होगी जांच
घटना की सूचना पर नयाशहर पुलिस पीबीएम अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के भाई अन्नाराम की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों (Safety Measures) की अनदेखी या कमजोर सामग्री के इस्तेमाल से तो यह हादसा नहीं हुआ।