{"vars":{"id": "125777:4967"}}

बीकानेर: पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 35 दिन बाद गिरफ्तार, नयाशहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

THE BIKANER NEWS: बीकानेर, 14 जुलाई 2026। बीकानेर की नयाशहर थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को वारदात के 35 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 9 जून 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुई थी। डीडू सिपाहियों का मोहल्ला निवासी इरफान चौहान (28) अपनी मोटरसाइकिल से मोईन खान के घर के सामने से गुजर रहा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद मोईन खान, दानिश और सोईन ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया।
आरोप है कि मोईन खान ने इरफान की गर्दन पर चाकू से वार किया। बचाव के दौरान उसकी हथेली कट गई। इसके बाद सोईन ने पीछे से उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद दोनों ने चाकू से कई वार किए, जबकि दानिश ने लोहे के सरिये से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस संबंध में नयाशहर थाने में मुकदमा संख्या 116/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार तलाश के बाद दानिश भाटी (24) पुत्र मुख्तयार अली, निवासी सोनगिरी कुंआ, कुरेशियान मस्जिद के पीछे, डीडू सिपाहियों का मोहल्ला, बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले के अन्य फरार आरोपियों मोईन खान और सोईन की तलाश जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस निरीक्षक सुरजीत कुमार, उप निरीक्षक राकेश गोदारा, सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल शेरसिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप कुमार और प्रहलाद राम की विशेष भूमिका रही।