बीकानेर नगर निगम चुनाव: मेयर पद के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के भीतर मेयर पद के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। इसी बीच पूर्व यूआईटी चेयरमैन और भाजपा नेता महावीर रांका का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। राजनीतिक हलकों में उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं और समर्थकों के साथ आम लोगों के बीच भी उनके नाम को लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
उनके यूआईटी चेयरमैन के कार्यकाल में किये गए विकास कार्यों को जनता आज भी याद रखती है, जिसमे जैन पब्लिक स्कूल से मोहता सराय तक करीब 600 मीटर लंबा और 60 फीट चौड़ा मार्ग बनवाने का कार्य भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया जाता है।
कोरोना काल में सामाजिक सक्रियता
महावीर रांका की सक्रियता का एक पक्ष कोरोना महामारी के दौरान उनकी सामाजिक भूमिका भी रही। कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी के बीच रामलाल सूरजदेवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से ऑक्सीजन बैंक संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
इस दौरान जरूरतमंद लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने के साथ मरीजों और उनके परिजनों तक भोजन के पैकेट पहुंचाने का काम भी किया गया।
भाजपा के फैसले पर टिकी नजर
हालांकि मेयर पद को लेकर भाजपा की ओर से अभी कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। वार्डवार आरक्षण, पार्षद प्रत्याशियों का चयन और पार्टी की रणनीति तय होने के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी।
फिलहाल निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच महावीर रांका का नाम मेयर पद के संभावित दावेदारों में चर्चा में है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व आने वाले दिनों में किस चेहरे पर भरोसा जताता है और बीकानेर नगर निगम की सियासत में कौन सा समीकरण निर्णायक साबित होता है।