{"vars":{"id": "125777:4967"}}

बीकानेर: पुष्करणा सावे पर उपहारों की बौछार, 'विष्णु रूप' में आने वाले प्रथम दूल्हे को मिलेगी मोटरसाइकिल

 
THE BIKANER NEWS:बीकानेर। पुष्करणा समाज का ऐतिहासिक सामूहिक विवाह समारोह (सावा) अब परवान पर है। सावे में प्राचीन परंपराओं को निभाने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कर्मवान फाउंडेशन ने एक अनोखी पहल की है। फाउंडेशन ने घोषणा की है कि सावे के दौरान जो दूल्हे पारंपरिक 'विष्णु स्वरूप' धारण कर समय पर पहुंचेंगे, उन पर पुरस्कारों की बारिश की जाएगी।

विष्णु रूप में आने वाले 11 दूल्हों का होगा सम्मान

पत्रकारों को जानकारी देते हुए वेद व्यास ने बताया कि सावे वाले दिन शाम 5 बजे के बाद 'विष्णु रूप' धारण कर विवाह स्थल पर पहुंचने वाले 11 दूल्हों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसमें विजेताओं का चयन उनके आगमन के समय के आधार पर किया जाएगा:

  • प्रथम पुरस्कार: जो दूल्हा सबसे पहले आएगा, उसे मोटरसाइकिल प्रदान की जाएगी।
  • द्वितीय पुरस्कार: दूसरे स्थान पर आने वाले दूल्हे को एलईडी टीवी मिलेगा।
  • तृतीय पुरस्कार: तीसरे दूल्हे को वॉशिंग मशीन भेंट की जाएगी।
  • सांत्वना पुरस्कार: प्रथम तीन के बाद आने वाले शेष दूल्हों को मिक्सर और जूसर देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्राचीन परंपरा को जीवंत रखने का प्रयास

वेद व्यास ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुष्करणा सावे की उस प्राचीन परंपरा को जिंदा रखना है, जिसमें हमारे पूर्वज स्वयं को भगवान विष्णु का रूप मानकर ही तोरण मारने जाते थे। कर्मवान फाउंडेशन चाहता है कि आज की युवा पीढ़ी भी उसी भाव और वेशभूषा के साथ बारात लेकर निकले।

ये रहेंगे अतिथि

इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज और रेरा (RERA) के चेयरमैन मदन गोपाल व्यास उपस्थित रहेंगे।

​विशिष्ट अतिथियों में चकलोई फाउंडेशन के राजवीर सर, मुंबई के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य प्रदीप किराडू, युवा नेता अभिमन्यु सिंह राजवी और आईदान सिंह भाटी शामिल होंगे।

​इस दौरान पंचांगकर्ता पंडित राजेंद्र किराडू, पंडित अशोक ओझा, संतोष पुरोहित, जसराज सींवर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।