बीकानेर:डूबने से दो मासूमों की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में पसरा मातम
May 21, 2026, 00:16 IST
बीकानेर। जिले के कोलायत क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत बीजेरी के मोडिया फांटा स्थित एक खेत की डिग्गी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार डिग्गी में डूबने से 12 वर्षीय बच्ची वकीला और 8 वर्षीय मासूम युनूस की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे आपस में रिश्तेदार थे और खेलते-खेलते अचानक पानी में गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत बच्चों को बाहर निकालकर दंतौर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में कोलायत थाना क्षेत्र के एसएचओ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि हादसा खेलते समय हुआ। मृतक बालक युनूस अपने ननिहाल आया हुआ था, लेकिन यह दौरा परिवार के लिए दर्दनाक साबित हुआ।
गौरतलब है कि बीकानेर जिले में बीते 24 घंटे में डूबने से मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले पूगल क्षेत्र में नानी और दोहित की भी पानी में डूबने से मौत हो गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और खुली डिग्गियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।