अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा बीकानेर का मान, डॉ. अमित व्यास को जर्मनी में आयोजित 10वीं ग्रीन केमिस्ट्री कॉन्फ्रेंस में मिला आमंत्रण
May 17, 2026, 14:44 IST
जिले के लिए गौरव की बात है कि शिक्षाविद एवं शोधकर्ता डॉ. अमित कुमार व्यास को जर्मनी के ड्रेसडेन (Dresden) शहर में आयोजित होने वाली 10वीं ग्रीन केमिस्ट्री कॉन्फ्रेंस में बतौर अटेंडी आमंत्रित किया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और रसायन विज्ञान के क्षेत्र में नवाचारों को लेकर आयोजित किया जाएगा।
डॉ. व्यास को आयोजन समिति की ओर से आधिकारिक निमंत्रण भेजा गया है, जिसमें उन्हें सम्मेलन में भाग लेने हेतु आमंत्रित किया गया है। इस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न देशों के वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं शिक्षाविद हिस्सा लेंगे और ग्रीन केमिस्ट्री से जुड़े नवीन शोध, तकनीक एवं पर्यावरण अनुकूल समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे।
डॉ. अमित कुमार व्यास ने इसे अपने लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय बताते हुए कहा कि ऐसे वैश्विक आयोजनों में सहभागिता से शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई जानकारियां और अनुभव प्राप्त होते हैं, जिनका लाभ विद्यार्थियों एवं समाज को मिलेगा।
क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने डॉ. व्यास को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।