{"vars":{"id": "125777:4967"}}

श्रीडूंगरगढ़ नगर निकाय चुनाव में पूर्ण बहुमत से बनेगा भाजपा का बोर्ड-आत्माराम तरड

 

श्रीडूंगरगढ़। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और बीकानेर प्रभारी आत्मा राम तरड ने श्रीडूंगरगढ़ में आगामी नगर निकाय चुनाव के निमित्त आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में सहभागिता की। सम्मेलन में उन्होंने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तृत संवाद किया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीकानेर प्रभारी आत्मा राम तरड ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि देश और राज्य की विकास यात्रा को सुचारू रखने के लिए नगर निकाय में भाजपा का मजबूत और पूर्ण बहुमत का बोर्ड बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों का लाभ आमजन तक निरंतर पहुंचता रहे, यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।"श्री तरड ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि विकास की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए अधिक से अधिक भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं। उन्होंने सभी से श्रीडूंगरगढ़ में सुशासन, विकास एवं जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने की अपील की।इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश दाधीच, स्थानीय विधायक श्री ताराचंद सारस्वत और राजस्थान विश्वकर्मा बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामगोपाल सुथार विशेष रूप से मंच पर उपस्थित रहे। इसके साथ ही पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समर्पित कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।