{"vars":{"id": "125777:4967"}}

बीकानेर के एम.एम. ग्राउंड में रोटरी क्लब आद्या ने भेंट किया ‘जल मंदिर’, खिलाड़ियों की बुझेगी प्यास

 
THE BIKANER NEWS:बीकानेर। सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रोटरी क्लब बीकानेर आद्या द्वारा अपने सेवा कार्यों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ी गई है। शनिवार, 29 मार्च 2026 को एकादशी के पावन अवसर पर स्थानीय एम.एम. ग्राउंड (m.m.ground) परिसर में नवनिर्मित 'रोटरी आद्या जल मंदिर' का भव्य लोकार्पण किया गया।

इस प्याऊ (जल मंदिर) का उद्घाटन मुख्य अतिथि रोटे. राजेश चुरा, रोटे. अनिल माहेश्वरी एवं रोटे. मनीष तापड़िया के कर-कमलों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। यह जल मंदिर मुख्य रूप से खेल मैदान में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और वहां आने वाले खेल प्रेमियों की सुविधा हेतु समर्पित किया गया है।

अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान रोटे. भारती गहलोत और रोटे. निशिता सुराणा की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। राजकीय खेल मैदान में लंबे समय से एक व्यवस्थित प्याऊ की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे रोटरी क्लब आद्या ने पूरा किया।

स्कूल प्रशासन ने जताया आभार
खेल मैदान के प्रबंधक स्कूल प्रशासन द्वारा रोटरी क्लब आद्या के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए क्लब का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने क्लब को एक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर साधुवाद दिया। क्लब की वर्तमान अध्यक्ष दीपिका ने यह सम्मान प्राप्त करते हुए विश्वास दिलाया कि रोटरी क्लब आद्या भविष्य में भी सामाजिक और सेवा कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रशासन, उपस्थित खिलाड़ियों और रोटेरियन साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।