शिकायतें हुईं कई बार, फिर भी नहीं जागे जिम्मेदार!मुरलीधर कॉलोनी के भैरव पार्क की दीवारें बनीं खतरा
बीकानेर। मुरलीधर क्षेत्र के भैरव पार्क की जर्जर दीवारें और क्षतिग्रस्त भ्रमण पथ अब स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बन गए हैं। क्षेत्रवासी केशव किराडू का आरोप है कि पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार विधायक जेठानंद व्यास को अवगत करवाया गया। इतना ही नहीं, विधायक के पीए को भी इस समस्या की जानकारी कई बार दी गई, लेकिन अब तक समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क की दीवारें जगह-जगह से जर्जर हो चुकी हैं और इनके टूटने का खतरा बना हुआ है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि पार्क के आसपास स्कूल और बच्चों के खेलने-कूदने की गतिविधियां होती हैं। ऐसे में यदि अचानक जर्जर दीवार का कोई हिस्सा गिरता है और कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति उसकी चपेट में आता है तो बड़ी जनहानि हो सकती है।
केशव किराडू ने सवाल उठाया है कि जब जनप्रतिनिधियों और उनके कार्यालय को पहले ही इस गंभीर समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, तो हादसा होने से पहले जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा?
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल भैरव पार्क की जर्जर दीवारों और टूटे हुए भ्रमण पथ का निरीक्षण करवाए तथा संभावित हादसे को देखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य करवाया जाए।
अब सवाल यही है—क्या प्रशासन किसी हादसे का इंतजार कर रहा है?