चकगर्बी-रीको क्षेत्र में किरायेदारों के सत्यापन और कार्रवाई की मांग।
THE BIKANER NEWS:-बीकाजी फैक्टरी के पीछे स्थित चकगर्बी और रीको औद्योगिक क्षेत्र से सटे इलाके के स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में रह रहे कुछ अस्थायी किरायेदारों और प्रवासी मजदूरों के संबंध में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रहने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा शाम के समय सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार किए जाने, शराब के नशे में घूमने तथा अशोभनीय गतिविधियों के कारण आसपास के लोगों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इससे शाम के समय महिलाओं और युवतियों का अकेले घर से निकलना मुश्किल हो गया है। निवासियों ने यह भी बताया कि कुछ लोग धमकाने जैसी हरकतें भी कर रहे हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में रह रहे सभी किरायेदारों का विधिसम्मत सत्यापन कराया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय आचरण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेगा और जरूरी कदम उठाएगा, ताकि चकगर्बी और आसपास का इलाका शांतिपूर्ण व सुरक्षित रह सके।