{"vars":{"id": "125777:4967"}}

दिव्यांग पैरा नेशनल खिलाड़ी ओम प्रकाश का हौसला हुआ,बुलंद- टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन ने भेंट की व्हीलचेयर*

 

THE BIKANER NEWS:^ बीकानेर, 3 अगस्त। आगामी अगस्त माह में इंदौर में आयोजित होने वाली पैरा नेशनल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करने जा रहे एसएमएस दिव्यांग संस्थान के खिलाड़ी ओम प्रकाश विश्नोई का हौसला अब और बुलंद हो गया है। दोनों पैरों से दिव्यांग ओम प्रकाश 9 अगस्त को इंदौर में आयोजित पैरा नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं।
एक कार्यक्रम के दौरान ओम प्रकाश विश्नोई ने टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक सदस्यों को बताया कि उनके पास खेल के अनुरूप उपयुक्त व्हीलचेयर नहीं होने से अभ्यास और प्रतियोगिता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एसएमएस दिव्यांग संस्थान की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया की सहमति से राजकीय चिकित्सालय, आरसीपी कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में ओम प्रकाश को उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार खेल के लिए उपयोगी व्हीलचेयर भेंट की गई।
चिकित्सा केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक की उपस्थिति में ओम प्रकाश को सुपुर्द की। अपनी नई व्हीलचेयर पाकर ओम प्रकाश बेहद भावुक और प्रसन्न दिखाई दिए।
इस अवसर पर ओम प्रकाश ने कहा, "मैं पैरा नेशनल चैंपियनशिप में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन कर बीकानेर और आप सभी की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।"
कार्यक्रम में एसएमएस दिव्यांग संस्थान की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया, लक्ष्मण रामावत, वरिष्ठ उद्यमी व समाजसेवी सतपाल कंसल, चिकित्सा केंद्र के चिकित्सक एवं स्टाफ, टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य दिलीप गुप्ता एवं पंकज कंसल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सभी उपस्थितजनों ने ओम प्रकाश विश्नोई को आगामी पैरा नेशनल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने एवं बीकानेर का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।