{"vars":{"id": "125777:4967"}}

26 वर्षों से पदोन्नति का इंतजार, पशुपालन विभाग के कर्मचारियों ने उठाई आवाज

 
अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के पशुपालन विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्री कैलाश आचार्य ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों का मुद्दा उठाया है।
पत्र में बताया गया कि पशुपालन विभाग में कार्यरत पशुधन परीचर, जो विज्ञान वर्ग से 12वीं उत्तीर्ण होने के साथ-साथ एक वर्षीय पशुधन निरीक्षक डिप्लोमा भी प्राप्त कर चुके हैं, उन्हें करीब 26 वर्षों से पदोन्नति का इंतजार है। बावजूद इसके, विभाग द्वारा उन्हें अब तक पशुधन निरीक्षक के पद पर पदोन्नत नहीं किया गया है।
महासंघ के अनुसार, विभाग में लगभग 10 ऐसे कार्मिक हैं जो सभी आवश्यक योग्यता पूरी करते हैं, लेकिन बार-बार निवेदन करने के बावजूद उनकी पदोन्नति पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से कर्मचारियों को उनके अधिकारों का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही बताया गया कि पूर्व में संगठन के तकनीकी प्रदेशाध्यक्ष श्री रमेश उपाध्याय द्वारा भी पशुपालन मंत्री जोरा राम कुमावत को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन आज दिनांक तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है।