शादी भवन का कचरा बना मुसीबत: घरों के सामने गंदगी और बदबू से त्रस्त स्थानीय लोग,स्वास्थ पर पड़ता है बुरा असर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, समारोह के बाद बचा हुआ खाना, जूठी प्लेटें, गिलास, कप, प्लास्टिक और अन्य कचरा भवन प्रबंधन द्वारा इधर–उधर फेंक दिया जाता है। इससे क्षेत्र में तेज बदबू फैल रही है और मच्छर व कीड़े-मकौड़े पनपने लगे हैं। इसका सीधा असर बच्चों, बुजुर्गों और आस-पास रहने वाले सभी लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि भवन प्रबंधन को कई बार मौखिक रूप से सफाई रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए कहा गया, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। उनका आरोप है कि समारोह के बाद सफाई की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की जाती और परेशानी झेलनी पड़ती है क्षेत्र के निवासियों को।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि नगर निकाय और प्रशासन शादी–भवन के कचरा प्रबंधन की जांच करे और इस संबंध में सख्त दिशा–निर्देश जारी करे। साथ ही, यदि भवन प्रबंधन गंदगी फैलाने से बाज नहीं आता तो उसके खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाए।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे सामूहिक रूप से नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य अधिकारियों के पास लिखित शिकायत दर्ज करवाएंगे।