{"vars":{"id": "125777:4967"}}

कांग्रेस का दामन छोड़ रहे कार्यकर्ताओं से महासचिव चौधरी की भावुक अपील

 

बीकानेर। कांग्रेस पार्टी से दूरी बनाकर जा रहे कार्यकर्ताओं को लेकर जिला कांग्रेस महासचिव मनोज चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की है। अपनी पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने की अपील की है।

मनोज चौधरी ने लिखा कि कांग्रेस एक कठिन दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में अगर अपने ही साथी साथ छोड़कर चले जाएंगे तो इसका दर्द केवल संगठन को नहीं, बल्कि हर उस कार्यकर्ता को होगा जिसने वर्षों तक कांग्रेस के झंडे को अपना सम्मान समझकर उठाया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि यदि किसी नेता से नाराजगी, कोई शिकायत या पीड़ा है तो उसे खुलकर सामने रखें, क्योंकि लड़ाइयां घर के भीतर लड़ी जाती हैं और अपना घर छोड़कर नहीं।

पोस्ट में चौधरी ने कहा कि पार्टी छोड़ना केवल एक पद छोड़ना नहीं है, बल्कि उन लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है, जो बिना किसी स्वार्थ के कांग्रेस के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। उन्होंने मतभेदों को संवाद से दूर करने और संगठन को कमजोर न होने देने की अपील की।

उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि मुश्किल समय में साथ निभाने वाले को ही इतिहास सच्चा साथी मानता है। अंत में उन्होंने कहा—“कांग्रेस हमारी पहचान है, हमारा परिवार है। परिवार को छोड़िए मत, परिवार को संभालिए।”