{"vars":{"id": "125777:4967"}}

बीकानेर में हनुमान जन्मोत्सव की धूम, पंचमुखा मंदिर में भव्य आयोजन कल

 
बीकानेर। शहर के रानी बाजार स्थित श्री पंचमुखा हनुमान जी मंदिर में 2 अप्रैल 2026 को हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन पंचमुखा सेवा संस्थान द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित किया जा रहा है।
संस्थान के अध्यक्ष राहुल गहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत दोपहर 12:00 बजे सुंदरकांड पाठ से शुभारंभ होगा। इसके बाद दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक श्रीमद्भागवत गीता पाठ किया जाएगा। शाम 7:00 बजे विशेष पूजा एवं महा आरती का आयोजन होगा, वहीं रात्रि 8:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
रात्रि 10:00 बजे से हनुमान जी का भव्य जागरण भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु पूरी रात भक्ति में लीन रहेंगे।
समिति सदस्य अजय सांखला ने बताया कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी भक्तों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।