{"vars":{"id": "125777:4967"}}

कितासर में जेके सीमेंट प्लांट को लेकर भारी हंगामा, किसानों ने लगाया खातेदारी भूमि पर अतिक्रमण और फसल नष्ट करने का आरोप

 

THE BIKANER NEWS:;द बीकानेर न्यूज़।गांव कितासर में लगाए जा रहे जेके सीमेंट के बड़े प्लांट और स्थानीय लोगों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पड़ोसी खेत के किसानों ने कंपनी पर उनकी खातेदारी भूमि पर अतिक्रमण करने का गंभीर आरोप लगाया। विवाद और हंगामा बढ़ता देख मौके पर पुलिस जाब्ता भी पहुंच गया।

उपखंड कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध

इस घटना के बाद पीड़ित किसान आदूराम (पुत्र टीकूराम), द्रोपती (पत्नी रामलाल जाट) सहित अनेक पड़ोसी किसान एकजुट होकर सीधे उपखंड कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने कंपनी की इस मनमानी पर कड़ा आक्रोश जताते हुए तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को ज्ञापन सौंपा और न्याय की गुहार लगाई।

क्या है पूरा विवाद?

परिवादी आदूराम और द्रोपती ने प्रशासन को अवगत करवाया कि उनका खेत खसरा नंबर 477 (रोही कितासर भाटियान) में स्थित है। उन्होंने मुकेश जांगीड़ को अपनी संयुक्त खातेदारी भूमि में से 30 फुट चौड़ा रास्ता दिया था, जिसका बकायदा इकरारनामा भी किया गया था।

​किसानों का आरोप है कि शनिवार सुबह जब वे अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी इकरारनामे में दिए गए रास्ते से अधिक जगह घेरते हुए दीवार बनाकर खेत में अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया। किसानों के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कंपनी द्वारा खेत में खड़ी मोठ और बाजरे की फसल पर लोडर व जेसीबी मशीन चलाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

​इस मनमानी कार्रवाई को लेकर किसानों ने मौके पर भी जमकर अपना विरोध दर्ज करवाया। फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।