बीकानेर में जमीअत उलमा-ए-हिन्द का 18वाँ रक्तदान शिविर संपन्न, 416 लोगों ने किया रक्तदान
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की विलादत-ए-बा-सआदत के मुबारक मौके पर जमीअत उलमा-ए-हिन्द, शाखा बीकानेर की जानिब से आयोजित 18वाँ रक्तदान शिविर आज स्वर्णकार पंचायत भवन, सुनारों की बड़ी गुवाड़, पुरानी जेल रोड, बीकानेर में कामयाबी के साथ मुकम्मल हुआ।
सुबह 9:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक चले इस खिदमत-ए-खल्क के प्रोग्राम में शहर के नौजवानों, समाजसेवियों और आम अवाम ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 416 लोगों ने खुशी-खुशी रक्तदान कर इंसानियत और भाईचारे की बेहतरीन मिसाल कायम की। शिविर में तमाम जरूरी मेडिकल इंतजामात और सहूलियतें मुहैया कराई गईं, जिससे पूरा कार्यक्रम बेहतरीन अंदाज में अंजाम दिया गया।
महासचिव मौलाना इरशाद कासमी साहब ने बताया कि इस रक्तदान शिविर का मकसद जरूरतमंद मरीजों को वक्त पर खून मुहैया कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने तमाम रक्तदाताओं और सहयोगियों का दिल की गहराइयों से शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ऐसे नेक कामों से समाज में मोहब्बत, भाईचारा और इंसानियत को फरोग मिलता है।
मौके पर मौजूद वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान एक अजीम सवाब का काम है, जो कई जिंदगियां बचाने का जरिया बनता है। ऐसे प्रोग्राम समाज में खिदमत और हमदर्दी का पैगाम देते हैं।
आखिर में जमीअत उलमा-ए-हिन्द, शाखा बीकानेर के जिम्मेदारान और अराकीन ने तमाम मेहमानों, रक्तदाताओं और सहयोगियों का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया और आइंदा भी इसी तरह खिदमत-ए-इंसानियत के काम जारी रखने का अहद किया।
इस मौके पर सईद नेताजी, सैयद इमरान, हाफिज अजमल, मोहम्मद रियाज, अजहरुद्दीन, इमरान पठान, शहजाद नागौरी, हाफिज शोएब, इरशाद नागौरी, सैयद ताहिर, इरशाद गौरी, सैयद खालिद, इरफान राठौड़, शाकिर गौरी, अनीस गौरी, अब्दुल मन्नान, मोहम्मद एजाज, सोफीन, अब्दुल रऊफ राठौड़, जुनैद राठौड़, हाफिज मुसेब, हाफिज अमान, अबू यूसुफ सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने कैम्प को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।