{"vars":{"id": "125777:4967"}}

माहेश्वरी महिला समिति बीकानेर मनाएगा वार्षिकोत्सव - गणगौर पर्व 

 

आज स्थानीय डागा चौक स्थित बीकानेर महेश्वरी महिला समिति महेश भवन कार्यालय में महिला समिति की एक बैठक रखी गई l इस बैठक की अध्यक्षता समिति की संरक्षिका किरण झंवर तथा सरला लोहिया ने संयुक्त रूप से की। समिति की संरक्षिका में जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 4 अप्रैल 2026 शनिवार को आयोजित होने वाले महिला समिति के वार्षिक उत्सव गणगौर पर्व की व्यवस्था के संदर्भ में था। समिति की अध्यक्ष श्रीमती श्रीमती श्रेया देवी राठी ने बताया कि गणगौर उत्सव 2026 सदैव की भांति इस वर्ष भी धनपत राय मार्ग स्थित नरसिंह भवन में आयोजित होगा तथा इस गणगौर उत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माहेश्वरी समाज प्रमुख श्री नरसिंह मिमानी होंगे। 
महिला समिति संगठन मंत्री रेखा लोहिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज की बैठक में समिति संरक्षिका द्वारा गणगौर उत्सव 2026 को सफल एवं यादगार बनाने हेतु समिति के सभी महिला सदस्यों की अलग-अलग कमेटियों का गठन करते हुए उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई जिससे प्रत्येक कार्य सरलता से पूर्ण किया जा सके। 
समिति सचिव अनुभा बागड़ी ने कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट देते हुए बताया कि इस वर्ष भी कार्यक्रम से पूर्व स्थानीय कार्यक्रम स्थल पर तीन प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा जिसमें मुख्य रूप से महिलाओं के लिए राजपूती ड्रेस प्रतियोगिता, घूंडला सजावट प्रतियोगिता के साथ-साथ माहेश्वरी समाज के बच्चों के लिए गणगौर संबंधी चित्रकला प्रतियोगिता रहेगी। 
   बीकानेर महेश्वरी महिला समिति उपाध्यक्ष अंजू लोहिया एवं सांस्कृतिक मंत्री अंजली चांडक के अनुसार इस अवसर पर जहां एक और माहेश्वरी समाज की महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी वहीं समाज के बाल कलाकारों द्वारा भी उन्हें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक व्यवस्थित मंच प्रदान किया जाएगा। 
प्रचार मंत्री निशा झंवर के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से पूर्व मां गवरजा की बैंड  धुन के साथ सवारी निकाली जाएगी जो विभिन्न महेश्वरी मोहल्ले से होती हुई कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी जहां बीकानेर महेश्वरी महिला समिति की सभी महिलाओं द्वारा संयुक्त रूप से खोल भरने की परंपरा का निर्वहन किया जाएगा।