{"vars":{"id": "125777:4967"}}

योग, प्राणायाम एवं ध्यान से लाभान्वित हुए मैकेनिकल एवं कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थी

 
बीकानेर, 9 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर में संचालित योग जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज मैकेनिकल एवं कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखा के विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया।
शारीरिक शिक्षा, खेल एवं योग विभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस. एल. प्रजापत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के योग विभाग की अतिथि संकाय प्रियंका रघुवंशी ने विद्यार्थियों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन एवं तनाव प्रबंधन विषय पर प्रेरणादायक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है।
इसके पश्चात एम.एससी. योग के विद्यार्थी अजय धवल ने विद्यार्थियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. एस. एल. प्रजापत ने बताया कि महाविद्यालय में 10 जून तक योग एवं ध्यान आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का विकास हो सके।