स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारहगुवाड़ में होंगे विविध कार्यक्रम
बीकानेर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारहगुवाड़, बीकानेर में विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 14 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे से 9:00 बजे तक प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरी को बीकानेर के लोकप्रिय विधायक श्री जेठानंद व्यास एवं शाला प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता तंवर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
विद्यालय की समस्त छात्राएँ प्रभात फेरी में उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नत्थूसर गेट, बारहगुवाड़ एवं मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में पहुंचेगी। प्रभात फेरी के माध्यम से छात्राओं द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता के मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।
इसी क्रम में प्रातः 10:00 बजे विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर के भामाशाह एवं समाजसेवी श्री राजेंद्र जी चूरा एवं श्री बलवीर सिंह जी होंगे। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
साथ ही विद्यालय के एस डीएमसी सदस्य एवं भामाशाह प्रेरक श्री महेंद्र जी किराडु तथा शाला प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता तंवर द्वारा विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में विचार व्यक्त किए जाएंगे।
विद्यालय परिवार द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के इन कार्यक्रमों को लेकर विशेष तैयारियाँ की गई हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक चेतना की भावना को सुदृढ़ करना है।