विद्युत कर्मी से मारपीट पर आक्रोश: इंटक ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, कहा- कार्रवाई नहीं हुई तो हनुमानगढ़ कूच करेंगे गंगानगर के कर्मचारी
खंभे से बांधकर की गई बेरहमी से पिटाई
मामला हनुमानगढ़ जंक्शन सहायक अभियंता कार्यालय के अधीन कार्यरत इंजीनियर सुपरवाइजर राजेश सोनी से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, जब राजेश सोनी ड्यूटी के दौरान बकाया वसूली के लिए गए और उपभोक्ताओं से बिल भरने का आग्रह किया, तो कुछ असामाजिक तत्वों ने कानून हाथ में ले लिया। आरोपियों ने कर्मचारी को खंभे से बांध दिया और बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं।
इंटक जिलाध्यक्ष ने की घटना की निंदा
श्री गंगानगर बिजलीघर मजदूर यूनियन (इंटक) के जिलाध्यक्ष सुनील गिरी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना ने विभाग के सभी कर्मचारियों को झकझोर कर रख दिया है।
प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी
यूनियन ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी दी है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की जाए और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। सुनील गिरी ने कहा, "हम हनुमानगढ़ के अपने साथी कर्मचारियों के साथ खड़े हैं। यदि पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो श्री गंगानगर जिले के समस्त बिजली कर्मचारी हनुमानगढ़ की ओर कूच करेंगे।"
संपर्क अभियान शुरू
चेतावनी को अमलीजामा पहनाने के लिए इंटक पदाधिकारियों ने आज से ही श्री गंगानगर जिले के प्रत्येक उपखंड में अपने कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों से संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। संगठन ने साफ कर दिया है कि अगर न्याय नहीं मिला, तो एक बड़े और उग्र आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा।