31वें फुटबॉल समर कैंप का पोस्टर विमोचित, 25 मई से पुष्करणा स्टेडियम में होगा आयोजन
May 22, 2026, 14:59 IST
बीकानेर। शहर में खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मास्टर मंगलचंद खरखोदिया फाउंडेशन एवं मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले 31वें फुटबॉल समर कैंप का आगाज़ इस वर्ष भी उत्साह और भव्यता के साथ होने जा रहा है। कैंप के पोस्टर का विधिवत विमोचन एक गरिमामय समारोह में किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान एवं अर्जुन अवार्डी मगन सिंह राजवी तथा जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्याम चुरा, कैलाश खरखोदिया, रहमत अली, विनोद जागा, देवेंद्र पुरोहित (शारीरिक शिक्षक), शुभम भोजक और अंकुर सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान कोच बुंदेला सिंह, त्रिभुवन ओझा, महावीर शर्मा, शिव कुमार शर्मा, कमरूदीन, आशीष और अभिषेक ने भी भागीदारी निभाते हुए बच्चों को खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में खेल केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए करियर का मजबूत माध्यम भी बन चुका है।
क्लब पदाधिकारियों के अनुसार यह फुटबॉल समर कैंप 25 मई से 7 जून तक स्थानीय पुष्करणा स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कैंप में खिलाड़ियों को फुटबॉल की तकनीकी बारीकियां, फिटनेस ट्रेनिंग, टीम वर्क और मैच प्रैक्टिस का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
क्लब अध्यक्ष सुनील बांठिया ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कैंप के दौरान खिलाड़ियों को पौष्टिक आहार के रूप में दूध और चना भी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं क्लब सचिव भरत पुरोहित ने कहा कि यह कैंप बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण मंच है।
कैलाश खरखोदिया ने बताया कि कैंप की विशेषता यह है कि इसमें लड़कों के साथ-साथ लड़कियों को भी बराबर अवसर दिए जाएंगे, ताकि वे भी फुटबॉल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस कैंप से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीकानेर और देश का नाम रोशन करेंगे।