Rajasthan weather राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
Rajasthan weather जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार के लिए प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में 1 से 2 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।
रविवार को पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और पाली सहित कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। पिछले 24 घंटे में अजमेर के जवाजा में 43 मिमी, माउंट आबू में 37.2 मिमी, राजसमंद के कुंवारिया में 28 मिमी, बाड़मेर के चौहटन में 28.5 मिमी, धनाऊ में 23 मिमी, डीग के सीकरी में 25 मिमी तथा जालोर के रानीवाड़ा और सांचौर में 12-12 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जोधपुर, जैसलमेर और झालावाड़ सहित कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।