{"vars":{"id": "125777:4967"}}

बीकानेर में आज स्थापित होगा सखी वन स्टॉप सेंटर-द्वितीय, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक करेंगे उद्घाटन*

बीकानेर पश्चिम में भी सखी वन स्टॉप सेंटर-द्वितीय की स्थापना की जा रही है। महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि इसका उद्घाटन बीकानेर (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि और पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर द्वारा सोमवार प्रातः 11 बजे किया जाएगा।
 

BIkaner News : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा सुविधा तथा विभिन्न स्थाई और अस्थाई आश्रय जैसी सुविधाएं देने के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर का संचालन पीबीएम अस्पताल परिसर में किया जा रहा है।

इन सेवाओं का विस्तार करते हुए अब बीकानेर पश्चिम में भी सखी वन स्टॉप सेंटर-द्वितीय की स्थापना की जा रही है। महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि इसका उद्घाटन बीकानेर (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि और पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर द्वारा सोमवार प्रातः 11 बजे किया जाएगा।

वर्तमान में केंद्र का अस्थाई संचालन नत्थसूर गेट के बाहर स्थित डिस्पेंसरी संख्या 6 परिसर में शुरू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शहरी क्षेत्र और आसपास के गांवों की महिलाओं को राहत व सहायता उपलब्ध करवाई जा सकेगी।

*दास्ताने शहीदे आजम भगत सिंह कार्यक्रम 12 को*

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन, नगर निगम तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण की ओर से 12 अगस्त को सायं 7 बजे रवींद्रनाथ मंच पर दास्ताने शहीदे आजम भगत सिंह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया कि पहली बार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में दास्तानगोई प्रस्तुत करने के लिए दिल्ली से प्रसिद्ध दास्तानगो पूनम गिरधानी और उस्मान सिद्दीकी बीकानेर आएंगे। उन्होंने बताया कि दास्तानगोई का अर्थ है, कहानी सुनाने की कला, विशेष रूप से उर्दू साहित्य में।

यह एक मौखिक कहानी कहने की विधा है जिसमें कहानीकार, जिसे दास्तानगो कहा जाता है, हाव-भाव और नाटकीय संवादों के माध्यम से कहानी को जीवंत करता है। यह प्राचीन कला है, जो 13वीं शताब्दी से चली आ रही है और 19वीं शताब्दी में अपने चरम पर पहुंच गई थी। दास्ताने शहीदे आजम भगत सिंह में भगत सिंह की देशभक्ति की गाथा है। इसमें पुस्तकों के प्रति उनके लगाव को विशेष रूप से दर्शाया जाएगा।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित हो रहे हर घर तिरंगा अभियान दौरान आमजन को भारत के स्वतंत्रता संग्राम, देश भक्तों की वीर गाथा से रूबरू करवाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस श्रृंखला में पहली बार यह कार्यक्रम हो रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।