{"vars":{"id": "125777:4967"}}

मास्टर मंगलचंद खरखोदिया फाउंडेशन एवं मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति द्वारा आयोजित 31 वे समर कैम्प का समापन

 
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:-समापन समारोह के भव्य एवं गरिमामयी अवसर पर मास्टर मंगलचंद खरखोदिया फाउंडेशन एवं मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति द्वारा आयोजित 31वां फुटबॉल समर कैंप बड़े उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक संचालित होता हुआ अपने अंतिम चरण में पहुंचा। बीकानेर शहर में आयोजित यह प्रतिष्ठित कैंप न केवल खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने का मंच बना, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और अनुशासन को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध हुआ। इस कैंप में शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए युवा खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता है, जिन्होंने प्रतिदिन मैदान पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इनमें अशोक शर्मा (स्टाफ ऑफिसर, माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर), महेश व्यास (भाजपा नेता), डॉ. अबरार पंवार (पूर्व सीएमएचओ), मुरली किराडू (पूर्व डीएसपी, राजस्थान पुलिस) एवं रामजी सोनी (उद्योगपति एवं समाजसेवी) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

अशोक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एक खिलाड़ी के जीवन में अनुशासन का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है। वहीं मुरली किराडू ने नियमितता एवं अनुशासन को एक श्रेष्ठ खिलाड़ी बनने की कुंजी बताया। डॉ. अबरार पंवार ने खिलाड़ियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के संयोजक भरत पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष आयोजित इस समर कैंप में 70 से अधिक लड़कों एवं 20 से अधिक लड़कियों ने भाग लिया है, जो इस क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है। विशेष रूप से बालिकाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जिसमें गर्ल्स कोच एवं सीनियर खिलाड़ी स्नेहा उपाध्याय के मार्गदर्शन में लड़कियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपने खेल कौशल में निरंतर सुधार किया। उनके नेतृत्व ने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ मैदान में प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया, जिससे टीम में एक नई ऊर्जा देखने को मिली।

महेश व्यास ने भरत पुरोहित एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इतने लंबे समय से निरंतर चल रहा यह कैंप क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत कर रहा है। रामजी सोनी ने भी कहा कि बीकानेर में फुटबॉल को बढ़ावा देने में मास्टर बच्ची क्लब फुटबॉल समिति का योगदान सराहनीय है।

कैंप के दौरान खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमितता, फिटनेस, टीम भावना एवं खेल भावना जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों की शिक्षा दी गई। प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

समापन समारोह में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। साथ ही सभी खिलाड़ियों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं यादगार माहौल में हुआ।

कैलाश खरखौदिया ने बताया कि यह 31वां फुटबॉल समर कैंप युवा प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम साबित हुआ, जो भविष्य में खेल जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अंत में नेचर योग और बॉडी फ्लैक्सिबिलिटी ग्रुप के अजय जी स्वामी  और उनकी टीम द्वारा आज फाइनल दिन सभी बच्चों को और कोच को योग करवा कर संदेश दिया