{"vars":{"id": "125777:4967"}}

श्रम विभाग पर पीबीएम अस्पताल के गार्ड एवं ठेका कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन किया गया।

 
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 07 अप्रैल 2026 — आज श्रम विभाग पर पीबीएम अस्पताल के गार्ड एवं ठेका कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन किया गया।
जिला मंत्री नवीन कुमार स्वामी ने बताया कि बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में कार्यरत गार्ड एवं ठेका कर्मचारियों के साथ लगातार हो रहे शोषण, अन्याय एवं अनियमितताओं के विरोध में संगठन द्वारा पीबीएम अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया तथा संयुक्त श्रम आयुक्त को भी ज्ञापन देकर आक्रोश प्रदर्शन किया गया।
यह प्रदर्शन संगठन के वरिष्ठ नेता गौरीशंकर व्यास के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ठेका कर्मचारियों को न तो समय पर वेतन मिल रहा है और न ही उन्हें न्यूनतम सुविधाएं दी जा रही हैं। सुरक्षा गार्ड एवं अन्य कर्मचारियों से अत्यधिक कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उनके अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
भारतीय मजदूर संघ ने संयुक्त श्रम आयुक्त को ज्ञापन देकर मांग की कि जल्द ही ठेका श्रम अधिनियम के अनुसार ठेके की कार्रवाई की जाए, मजदूरों का शोषण रोका जाए, सभी को 7 तारीख से पूर्व वेतन दिया जाए तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
जिला मंत्री नवीन कुमार स्वामी ने चेतावनी दी कि यदि इन नियमों का पालन नहीं किया गया तो संगठन स्वतंत्र रूप से न्यायसंगत कार्रवाई करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पीबीएम प्रशासन की होगी।
इस दौरान महावीर प्रजापत, ओमजी रामावत, भवानी शंकर व्यास, दिलीप व्यास, पूरोहित जी, संजय देवड़ा, निर्मल देवड़ा, रघुनाथ सिंह सोलंकी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।