{"vars":{"id": "125777:4967"}}

बीकानेर में पहली बार आयोजित हुआ ‘द लीगल कॉमन्स मीटअप

 

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 16 अगस्त 2026: बीकानेर में पहली बार ‘द लीगल कॉमन्स’ द्वारा कानूनी क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से ‘द लीगल कॉमन्स मीटअप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 16 अगस्त को नेब्युला रूफटॉप एंड फाइन डाइन में शाम 4 बजे से 7 बजे तक किया गया।

कार्यक्रम में बीकानेर के विभिन्न विधि महाविद्यालयों एवं विधि संस्थानों के विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं सहित लगभग 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को एक-दूसरे से परिचित होने, अपने अनुभव साझा करने तथा कानूनी एवं व्यावसायिक क्षेत्र में नए संपर्क स्थापित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम की कोर कमेटी के सदस्य पारुल दफ्तरी, रेवंत सिंह, मोक्षिता वर्मा, स्वाति जैन एवं पीयूष टाटिया ने बताया कि यह बीकानेर में ‘द लीगल कॉमन्स’ का प्रथम आयोजन है। इसका उद्देश्य कानून के क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, विधि विशेषज्ञों एवं न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि ‘द लीगल कॉमन्स’ का प्रमुख उद्देश्य कानूनी क्षेत्र में आपसी संपर्क एवं संवाद को बढ़ावा देना, एक सशक्त और सहयोगात्मक विधिक समुदाय का निर्माण करना तथा विद्यार्थियों एवं युवा अधिवक्ताओं को सीखने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत भविष्य में विधिक संगोष्ठियों, वेबिनार, व्यावहारिक कार्यशालाओं एवं स्वाध्याय मंडलों (Study Circles) का आयोजन किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को विधि के व्यावहारिक पक्ष, न्यायिक प्रक्रिया, विधिक व्यवसाय, करियर के विभिन्न अवसरों, इंटर्नशिप, पेशेवर कौशल तथा समसामयिक कानूनी विषयों पर जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि ‘द लीगल कॉमन्स’ की शुरुआत बीकानेर से की गई है और भविष्य में इसे देशभर के विधि विद्यार्थियों एवं युवा अधिवक्ताओं को जोड़ने वाले व्यापक मंच के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि कानून के क्षेत्र में जुड़ने, सीखने, सहयोग करने और आगे बढ़ने की संस्कृति को मजबूत करना है।