बीकानेर संभाग में मुख्य लेखाधिकारी का पद 3 वर्षों से रिक्त, कर्मचारियों को हो रही परेशानी
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 02 जुलाई। अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ एकीकृत, राजस्थान ने बीकानेर संभाग स्तर पर अति मुख्य अभियंता कार्यालय में पिछले तीन वर्षों से रिक्त पड़े मुख्य लेखाधिकारी पद पर शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई है।
संघ के तकनीकी प्रदेशाध्यक्ष रमेश चन्द्र उपाध्याय ने बताया कि मुख्य लेखाधिकारी का पद लंबे समय से खाली होने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके चलते कर्मचारियों को अपने आवश्यक कार्यों के लिए बार-बार जयपुर मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और संसाधनों दोनों की हानि हो रही है।
संघ ने इस संबंध में कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी एवं केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि राज्य सरकार में वर्तमान स्थानांतरण छूट का लाभ उठाते हुए संभाग स्तरीय कार्यालय में मुख्य लेखाधिकारी की शीघ्र नियुक्ति की जाए अथवा अस्थायी रूप से अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाए।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारियों की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। संघ ने सरकार से कर्मचारियों की सुविधा एवं प्रशासनिक कार्यों की सुचारु व्यवस्था हेतु तत्काल कार्रवाई की मांग की है।