हिमाचल प्रदेश की पाठ्यपुस्तक में त्रिलोक सिंह ठकुरेला की रचना
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर* ।मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर में कार्यरत इंजीनियर एवं साहित्यकार त्रिलोक सिंह ठकुरेला की प्रार्थना 'ऐसा वर दो' हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा हिमाचल प्रदेश के कक्षा-4 के विद्यार्थियों के लिए नयी शिक्षा नीति के आधार पर प्रकाशित हिन्दी पाठ्यपुस्तक 'वीणा-II' में सम्मिलित की गयी है । उल्लेखनीय है कि त्रिलोक सिंह ठकुरेला चर्चित बाल साहित्यकार और प्रख्यात कुण्डलियाकार हैं। उनकी रचनाएँ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के अनुसार निर्मित राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद सहित, महाराष्ट्र, केरल, उत्तराखण्ड, हरियाणा,उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा आंध्र प्रदेश सरकार की विभिन्न कक्षाओं की हिन्दी पाठ्यपुस्तकों व ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस तथा एक्सीड एजूकेशन, सिंगापुर सहित शताधिक पाठ्यपुस्तकों में सम्मिलित की गयी है। त्रिलोक सिंह ठकुरेला की रचनाएँ विविध विधाओं के अनेक संकलनों में भी सम्मिलित की जा चुकी हैं। राजस्थान साहित्य अकादमी एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी सहित विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत व सम्मानित त्रिलोक सिंह ठकुरेला ने बाल साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने विभिन्न भारतीय भाषाओं के अनुवादित बाल कहानी संकलनों सहित एक दर्जन बाल कहानी संकलनों का सम्पादन किया है। 'नया सवेरा', 'काव्यगंधा', 'समय की पगडण्डियों पर', 'आनन्द मंजरी' और 'सात रंग के घोड़े' त्रिलोक सिंह ठकुरेला की चर्चित काव्य कृतियाँ हैं।