{"vars":{"id": "125777:4967"}}

पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने किया ग्रामीण सेवा शिविर का बहिष्कार, पंचायत भवन पर लगाया ताला

 

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/गंगापुरा। ग्राम पंचायत गंगापुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का सोमवार को ग्रामीणों ने पेयजल और बिजली की समस्याओं को लेकर पूर्ण बहिष्कार कर दिया। नाराज ग्रामीणों ने पंचायत मुख्यालय पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और शिविर में पहुंचे अधिकारियों को पंचायत भवन के बाहर बैठने पर मजबूर कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से पेयजल और बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं किया गया। पानी की अनियमित आपूर्ति और बिजली की समस्या के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत भवन को बंद कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई। एसडीएम के निर्देश पर ग्रामीणों से वार्ता की गई और जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने पंचायत भवन का ताला खोलकर ग्रामीण सेवा शिविर को पुनः शुरू करवाया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन करेंगे।


आरएलपी संयोजक सीताराम ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोगों में भारी रोष है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर गांव की पेयजल एवं बिजली समस्या का समाधान करने की मांग की।