{"vars":{"id": "125777:4967"}}

विश्व पर्यावरण दिवस पर कला के रंगों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 
बीकानेर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीकानेर गोल्डन आर्ट एकेडमी द्वारा लक्ष्मीनाथ मंदिर पार्क में एक दिवसीय कार्यशाला और फेस पेंटिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यशाला का संचालन राम कुमार भादाणी और धर्मा स्वामी ने किया। दोनों कलाकारों ने चित्रकारी और फेस पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम तथा प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। फेस पेंटिंग में पेड़, पक्षी, सूर्य और स्वच्छ पर्यावरण की थीम्स को प्रमुखता दी गई, जिससे बच्चों में पर्यावरण प्रति जागरूकता बढ़ी।
राम कुमार भादाणी ने बताया, “कला के माध्यम से हम पर्यावरण के प्रति लोगों को संवेदनशील बना सकते हैं। आज के बच्चों को यदि हम चित्रों के जरिए संदेश देंगे तो वे इसे जीवन भर याद रखेंगे।”
धर्मा स्वामी ने कहा, “लक्ष्मीनाथ मंदिर पार्क जैसे खुली जगहों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करना बहुत जरूरी है, ताकि आमजन पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।”
कार्यशाला में प्रतिभागि रहे जिनमे गणेश ओझा, डिम्पल गुप्ता, प्रियश्रद्धा जोशी, अन्नपूर्णा जोशी, योगिता ओझा, आरती भादाणी, शिवम् भादाणी व लेखक व्यास प्रियांशी भादाणी आदि को पर्यावरण से संबंधित छोटी-छोटी गतिविधियां जैसे पौधे लगाने का महत्व, जल संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण पर भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
बीकानेर गोल्डन आर्ट एकेडमी के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की। यह कार्यक्रम कला और पर्यावरण जागरूकता को जोड़ने का एक अनूठा उदाहरण साबित हुआ।