{"vars":{"id": "125777:4967"}}

Kailash Mansarovar Yatra 2025: भोले बाबा के दर्शन का इंतजार हुआ खत्म, इस दिन से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा 

यात्रा कब से कब तक होगी, कैसे होगा रजिस्ट्रेशन? जाने 

 

Kailash Mansarovar Yatra 2025: कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील हिंदू धर्म के पवित्र स्थल माने जाते हैं। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाते हैं। हालांकि, कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में यह यात्रा स्थगित कर दी गई थी। अब 5 साल बाद जून 2025 से कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू होगी। इस लेख में हम आपको भगवान शिव का निवास कहे जाने वाले कैलाश मानसरोवर की यात्रा से जुड़ी अहम जानकारी देंगे।

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025
कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर विदेश मंत्रालय में हुई बैठक में निष्कर्ष निकाला गया कि इस यात्रा को साल 2025 में फिर से शुरू किया जाना चाहिए। इस यात्रा के संचालन की जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल विकास निगम को दी गई है। यात्रा दिल्ली से शुरू होगी और तीर्थयात्री पिथौरागढ़ के लिपुलेख से होते हुए कैलाश मानसरोवर पहुंचेंगे।

कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
सबसे पहले आपको विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसे करने के लिए आपके पास वैध पासपोर्ट, 3 पासपोर्ट साइज फोटो और पैन कार्ड होना बेहद जरूरी है। आवेदन करने के तुरंत बाद आपको रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी। अगर आपने पूरी आवेदन प्रक्रिया सही तरीके से पूरी की है तो आपको मैसेज या ईमेल के जरिए इसकी जानकारी मिल जाएगी।

कैलाश मानसरोवर यात्रा कब शुरू होगी?
कैलाश मानसरोवर यात्रा 30 जून को शुरू होगी। यात्रा में 50-50 लोगों के कुल पांच दल होंगे। यात्रा का पहला दल 10 जुलाई को लिपुलेख दर्रे के रास्ते चीन में प्रवेश करेगा। वहीं, आखिरी दल 22 अगस्त 2025 को चीन से भारत लौटेगा। इसका मतलब कि, यात्रा 10 जून से शुरू होकर 22 अगस्त तक चलेगी।

कितने लोग यात्रा करेंगे?
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, 50-50 लोगों के कुल 5 समूह कैलाश मानसरोवर की यात्रा करेंगे। यानी कुल 250 लोग। वैसे तो कुछ निजी टूर ऑपरेटर भी कैलाश मानसरोवर यात्रा की व्यवस्था करते हैं, लेकिन इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर भी की जाती है। अगर आप किसी निजी टूर ऑपरेटर के जरिए यात्रा करने जा रहे हैं, तो वे आवेदन प्रक्रिया में भी आपकी मदद कर सकते हैं।

कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़ी अहम बातें:
- कैलाश मानसरोवर की यात्रा में 22 से 25 दिन लगते हैं।
- कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए आपका शारीरिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है।
- यात्री के पास वैध पासपोर्ट होना चाहिए।
- इस यात्रा पर 1.5 लाख से 3 लाख रुपये तक का खर्च हो सकता है। 

कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग: 
- लिपुलेख दर्रा: यह रास्ता पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) जिले में लिपुलेख दर्रे से होकर निकलेगा और इस राते पर श्रद्धालुओं को ट्रैकिंग भी करनी पड़ती है।
- नाथुला मार्ग: यह रास्ता सिक्किम में नाथुला दर्रे से होकर निकलेगा और इस रास्ते पर कुछ दूरी तक वाहन भी जा सकते हैं। 
- नेपाल मार्ग: भारत के पड़ोसी राज्य नेपाल से भी कैलाश मानसरोवर की यात्रा की जा सकती है। हालांकि, इसकी कीमत थोड़ी ज़्यादा है।