{"vars":{"id": "125777:4967"}}

Haryana: हिसार एयरपोर्ट से आज शुरू होगी चंडीगढ़ के लिए उड़ान, CM Saini करेंगे फ्लाइट का शुभारंभ

आज के लिए सभी टिकट्स बुक

 

Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार यानी की आज, हिसार हवाई अड्डे पर हिसार से चंडीगढ़ के लिए उड़ान सेवा की औपचारिक शुरुआत करेंगे। हिसार से उड़ान शाम 4:55 बजे रवाना होगी, शाम 6 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह उड़ान 48 सीटों वाली होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेडर, महापौर प्रवीण पोपली और 12 भाजपा नेता हिसार से चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे।

वर्तमान में हिसार हवाई अड्डे से अयोध्या और दिल्ली के लिए उड़ानें संचालित की जा रही हैं। सप्ताह में दो बार शुक्रवार और रविवार को अयोध्या के लिए उड़ानें हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार हवाई अड्डे से अयोध्या के लिए हवाई सेवा का उद्घाटन किया था।

टिकटें हुई बुक:
पहली उड़ान के लिए सभी टिकट बुक हो चुके हैं। हिसार से चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में दो बार सोमवार और शुक्रवार को हवाई सेवा उपलब्ध होगी। चंडीगढ़ से हिसार के लिए फ्लाइट दोपहर 3.20 बजे उड़ान भरेगी और शाम 4.30 बजे हिसार पहुंचेगी। यह विमान शाम 4.55 बजे वापस चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगा। वह शाम 6 बजे चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर उतरेंगे। हालांकि, यह उड़ान मार्ग दिल्ली से चंडीगढ़, चंडीगढ़ से हिसार, हिसार से चंडीगढ़, चंडीगढ़ से दिल्ली होगा।

इन शहरों के लिए जल्द शुरू होंगी उड़ाने:
एलायंस एयर के साथ समझौते के तहत हरियाणा सरकार ने हिसार हवाई अड्डे से जयपुर, अहमदाबाद, जम्मू और दिल्ली के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है। इसके तहत यहां से अयोध्या के लिए पहली उड़ान शुरू की गई थी। इसके अलावा धर्मशाला के लिए हवाई सेवा शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है। डीजीसीए की मंजूरी का इंतजार है। धर्मशाला के लिए हवाई सेवा बुधवार को उपलब्ध होगी। धर्मशाला जाने वाली उड़ान का चंडीगढ़ में भी ठहराव होगा।