{"vars":{"id": "125777:4967"}}

हिरण शिकार मामले में आक्रोशित लोगों ने पुलिस थाने का बोर्ड तोड़ा, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा

 
THE BIKANER NEWS:- बीकानेर के बज्जू क्षेत्र में हिरण शिकार के मामले में नाराज लोगों का गुस्सा पुलिस स्टेशन पर उतरा। लोगों ने पुलिस थाने में तोड़फोड़ की। जिन्हें पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा। दरअसल, एक दिन पहले ही कुछ शिकारियों ने हिरण का शिकार किया। इसके बाद पुलिस ने शिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच शिकारियों की परेड निकालने के मुद्दे पर पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने हो गए, कोलायत और रणजीतपुरा में भी शिकार करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने कुल सात शिकारियों को पकड़ा और सभी को रविवार को अदालत में पेश किया जाना था। ग्रामीणों ने इनकी परेड निकालने की मांग की। पुलिस ने एक बार तो परेड निकालने की हां भरी, लेकिन बाद में इन्हें पीछे के गेट से निकालकर ले गए। जिससे ग्रामीण नाराज हो गए। इसके बाद ग्रामीण थाने पहुंचे और वहां पर हंगामा कर दिया। ग्रामीण पुलिस थाने के गेट पर चढ़ गए। गेट पर लगे थाने के एलईडी बोर्ड को तोड़ दिया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि मामले में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को खदेड़ मामला शांत किया।