Haryana News: हरियाणा के इस शहर में होगी ग्लोबल सिटी विकसित, 5 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
Global City Haryana: हरियाणा प्रदेश में सरकार ग्लोबल सिटी विकसित करने जा रहे हैं। नायब सैनी सरकार द्वारा यह ग्लोबल सिटी 1000 एकड़ में विकसित की जाएगी। ग्लोबल सिटी के विकसित होने के बाद लगभग 5 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
पाठकों की जानकारी के लिए बता दें कि हरियाणा सरकार प्रदेश के गुरुग्राम शहर में ग्लोबल सिटी विकसित करने की तैयारी कर रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम में ग्लोबल सिटी विकसित करने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर के सभी मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।
ग्लोबल सिटी हरियाणा के विकास के लिए साबित होगी मिल का पत्थर - मुख्यमंत्री
हरियाणा प्रदेश के गुरुग्राम शहर में विकसित होने जा रही ग्लोबल सिटी को लेकर कल शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह ग्लोबल सिटी हरियाणा प्रदेश के विकास के लिए मिल का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि ग्लोबल सिटी के विकसित होने के बाद प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं को रोजगार तो मिलेगा ही मिलेगा साथ ही साथ इस परियोजना से लगभग 16 लाख लोगों का जीवन भी प्रभावित होगा।
मुख्यमंत्री ने ग्लोबल सिटी साइट पर शुक्रवार को निवेशकों से हुई बैठक में कहा कि यह परियोजना 1 लाख करोड़ से अधिक निवेश की क्षमता वाली है जो हरियाणा प्रदेश के गुरुग्राम में 1 हजार एकड़ पर विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस परियोजना से विकास के नए दरवाजे खुलेंगे। उन्होंने ग्लोबल सिटी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना में व्यवसायिक, हॉस्पिटैलिटी, रिहायशी और शैक्षणिक संस्थाओं के लिए भी विशेष स्थान रखा गया है।
इस परियोजना का पहला चरण 2026 के अंत तक निर्धारित समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण में सरकार द्वारा 587 एकड़ एरिया पर लगभग 900 करोड रुपए से अधिक खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल सिटी को विकसित करने हेतु डीएलएफ, अडानी, सिग्नेचर एल&टी, हीरो रियलिटी जैसे बड़े समूहों से भी सुझाव लिए गए हैं।
ग्लोबल सिटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की मिलेगी सुविधा
हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ग्लोबल सिटी की साइट पर निवेशकों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत ग्लोबल सिटी में आधुनिक शहरों की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्लोबल सिटी में 18 एकड़ में 350 मिलियन लीटर क्षमता का मास बैलेंसिंग रिजर्वायर का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 10 .7 किलोमीटर यूटिलिटी टनल बनाई जाएगी।
इसमें वॉटर पाइपलाइन, अग्निशमन सेवाएं, लाइटिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक केबल, वेंटीलेशन सिस्टम, अर्थिंग सिस्टम और फायर डिटेक्शन का प्रावधान रखा गया है। पाठकों को बता दें कि गुरुग्राम में बनाई जा रही ग्लोबल सिटी की रेलवे स्टेशन/आईसीडी से 20 मिनट की दूरी, हेलीपोर्ट और मल्टीमॉडल ट्रांसिट हब से 10 मिनट की व दिल्ली हवाई अड्डे से मात्र 30 मिनट की दूरी रहेगी।