पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने डिप्टी सीएम दीया कुमारी से मुलाकात कर शहर से जुड़े महत्वपूर्ण रेल एवं यातायात संबंधी मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर के पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर बीकानेर बीकानेर शहर से जुड़े महत्वपूर्ण रेल एवं यातायात संबंधी मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कोटगेट एवं सांखला रेलवे फाटक पर प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण को लेकर सुझाव दिए गए हैं। डॉ. कल्ला ने कहा कि कोटगेट रेलवे फाटक पर केवल एक तरफा अंडरब्रिज बनने से यातायात समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने दोनों तरफ आवागमन की सुविधा वाले अंडरब्रिज निर्माण की मांग की।
सांखला फाटक के संबंध में उन्होंने कहा कि वहां दीवार निर्माण के प्रस्ताव से पैदल यात्रियों, साइकिल एवं दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी होगी। उन्होंने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
ज्ञापन में बीकानेर-लालगढ़ रेलखंड पर दोहरीकरण एवं विद्युतिकरण कार्य से जुड़े सुझाव भी दिए गए। डॉ. कल्ला ने वैकल्पिक रेल मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव रखते हुए इसे कम खर्चीला एवं दीर्घकालिक समाधान बताया।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रेलवे एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर जनहित में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि बीकानेर की जनता को रेल फाटकों से होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।